PranamIndia, Mulayam Singh Yadav

मुलायम सिंह की अंतिम यात्रा शुरू, दर्शन करने उमड़े हजारों लोग

Latest News देश
Pranam India

PranamIndia, Mulayam Singh Yadav

Mulayam Singh Funeral Live: मुलायम सिंह की अंतिम यात्रा शुरू, दर्शन करने उमड़े हजारों लोग

खास बातें

 Mulayam Singh Yadav Last Rites, Funeral Live: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज उनके पैतृक गांव सैफई में अंतिम संस्कार होगा। सोमवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका  निधन हो गया था। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है। 

लाइव अपडेट

10:57 AM, 11-OCT-2022

रास्ते में दर्शन के लिए उमड़ा लोगों का हुजूम

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को नुमाइश ग्राउंड पंडाल में ले जाया जा रहा है। रास्ते में उनके दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा।

10:50 AM, 11-OCT-2022

नेताजी के अंतिम दर्शन करने पहुंचे आजम खां

इटावा के सैफई में सपा नेता आजम खां नेताजी के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। आजम खां के साथ अब्दुल्ला आजम भी हैं। आजम खां ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सैफई में लगातार सपा नेताओं के आने का दौर जारी है।

10:41 AM, 11-OCT-2022

हवाई पट्टी पर पहुंचे वायुसेना के जवान

सैफई हवाई पट्टी पर वीवीआईपी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कई जिलों की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। वायुसेना के जवान भी हवाई पट्टी पर पहुंच गए हैं।

10:37 AM, 11-OCT-2022

बड़े भाई को याद कर रो पड़े राम गोपाल यादव

बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए हैं। लगातार अंतिम दर्शन के लिए लोगों का आना जारी है। वहीं, राम गोपाल यादव बड़े भाई मुलायम सिंह यादव को याद कर रो पड़े। 

10:26 AM, 11-OCT-2022

अंतिम दर्शन करने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगी

सैफई के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में नेताजी की अंतिम यात्रा के लिए रथ को 5 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया। सैफई में बड़ी संख्या में लोगों का अपने-अपने वाहनों से पहुंचना जारी है। देर रात तक नेताजी के अंतिम दर्शन करने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। वीवीआईपी के आगमन को लेकर चारों तरफ पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात की गई। 

10:21 AM, 11-OCT-2022

समाधि स्थल पर होगा मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार

आज दोपहर 3:00 बजे महोत्सव ग्राउंड में बने समाधि स्थल पर मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सैफई के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में शव यात्रा निकालने के लिए रथ को फूलों से सजाया गया है।

07:41 AM, 11-OCT-2022

ममता और नीतीश भी हो सकते हैं अंतिम संस्कार में शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही कई केंद्रीय और प्रदेश स्तर के मंत्रियों के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

07:18 AM, 11-OCT-2022

‘धरतीपुत्र’ की वो ख्वाहिश जो अधूरी रह गई
कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता, कहीं जमीन तो कहीं आसमां नहीं मिलता…। निदा फाजली का ये शेर ‘धरतीपुत्र’ मुलायम सिंह पर चरितार्थ होता है। प्रधानमंत्री बनने की उनकी ख्वाहिश अधूरी रह गई। 1996 और 1999 में दो बार दिल्ली की सत्ता में काबिज होते-होते वह दौड़ में पिछड़ गए। उनके अपनों ने ही पत्ता काट दिया। इसकी कसक ताउम्र उन्हें सालती रही। 

07:17 AM, 11-OCT-2022

नेता असाधारण, व्यवहार साधारण
मुलायम परिश्रमपूर्वक साधारण से असाधारण नेता बने, लेकिन लोकव्यवहार में हमेशा साधारण ही बने रहे। अकेले दम पर पार्टी बनाई। कई बार मुख्यमंत्री रहे। रक्षा मंत्री रहे, लेकिन यारी-दोस्ती और मित्रता में अपने-पराए में भेद नहीं किया। विपक्ष में भी जिससे दोस्ती हुई, उससे आजीवन निभाया। यारों के यार थे मुलायम सिंह। हृदय नारायण दीक्षित, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष

07:03 AM, 11-OCT-2022

आतंकवाद पर फौज की सख्ती के हक में थे मुलायम
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव कश्मीर के हालात पर खास नजर रखते थे। घाटी में हालात बिगड़ने पर उन्होंने कई बार सेना को खुला हाथ देने और अलगाववादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की वकालत की। समाजवादी पार्टी के स्थापना वर्ष 1992 में भी जम्मू-कश्मीर में उथल पुथल चल रही थी। इसके चार साल बाद केंद्र में देवगौड़ा सरकार बनी तो मुलायम सिंह यादव को रक्षा मंत्री का जिम्मा सौंपा गया। 

06:59 AM, 11-OCT-2022

कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी

योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सुबह 11 बजे लोक भवन में होगी कैबिनेट बैठक।

06:51 AM, 11-OCT-2022

सैफई परिवार की तीन पीढ़ियों को मैनपुरी से पहुंचाया संसद
मुलायम सिंह यादव की कर्मभूमि रही मैनपुरी ने केवल नेताजी के ही सियासी सफर को उड़ान नहीं दी बल्कि सैफई परिवार की तीन पीढ़ियां इसी मैनपुरी के रास्ते संसद तक पहुंचीं। एक बार नेताजी ने सीट छोड़कर भतीजे धर्मेंद्र यादव को संसद पहुंचाया तो वहीं दूसरी बार पौत्र तेजप्रताप यादव के लिए सीट छोड़ी। दोनों ही बार नेताजी की इच्छा का भी मैनपुरी की जनता ने सम्मान किया और भारी बहुमत से जीत दिलाई।

06:44 AM, 11-OCT-2022

हेलिकॉप्टर से नीचे देख बता देते थे कौन सा गांव है 
पूर्व वरिष्ठ सपा नेता गोपाल अग्रवाल ने बताया कि मुलायम सिंह यादव जमीनी नेता थे। हेलिकाप्टर से चलते थे तो नीचे देखकर ये बता दिया करते थे कि कौन से गांव के ऊपर से उड़ रहे हैं। 2006 में मेरठ में 30-31 अक्तूबर और एक नवंबर को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय सम्मलेन का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन की कमान मुलायम सिंह यादव ने उनको सौंपी थी। सम्मेलन के लिए मेरठ में किसी बड़े मैदान का चयन होना था। उन्होंने नेताजी को मेरठ के कई बड़े मैदानों के नाम सम्मेलन के लिए बताए, लेकिन हर मैदान की भौगोलिक स्थित और आम लोगों को होने वाली परेशानी को बताकर वे टाल देते थे। बाद में विक्टोरिया पार्क में रैली को सहमत हुए।

06:39 AM, 11-OCT-2022

रिश्ते निभाने में भी माहिर थे मुलायम सिंह यादव
राजनीति के साथ नेताजी अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के पारिवारिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करते थे। वह सपा नेता राजकुमार यादव के देवपुरम स्थित मकान के मुहूर्त में आए थे। पूर्व सांसद अमीर आलम के बेटे पूर्व विधायक नवाजिश आलम की शादी में भी उन्होंने आशीर्वाद दिया था। पूर्व सांसद कादिर राना की बेटी की शादी में भी उनकी मौजूदगी रही थी। पूर्व राज्यसभा सांसद हरेंद्र मलिक की माताजी के निधन के समय वह उनके घर श्रद्धांजलि अर्पित करने आए थे।

06:30 AM, 11-OCT-2022

आजम खां भी अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
रामपुर की स्वार विधानसभा सीट से सपा विधायक अब्दुल्ला आजम सैफई पहुंच चुके हैं। उनके साथ में सपा नेता फिरोज खान और रुचिवीरा भी आए हैं। मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आजम खान भी सैफई पहुंचेंगे।

06:18 AM, 11-OCT-2022

नेता जी को याद कर भावूक हुए कई नेता 
राजनीति के एक युग का अंत। निःशब्द हूँ।
नेताजी जी हमेशा अमर रहेंगें। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें……!
नफीस अहमद, विधायक।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।
धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा

नेताजी मुलायम सिंह यादव हम लोगों के संरक्षक रहे। 1987 में लोकदल का विभाजन हुआ। अजीत गुट ने लोकदल आ बनाया । मुलायम सिंह यादव ने लोकदल ब के जरिए एकजुट किया। फिर लोकतांत्रिक मोर्चा बना। यहीं से क्रांतिकारी मोर्चा की शुरुआत हुई और रथ यात्रा निकली। लखनऊ में यात्रा का नेतृत्व हमने किया। भगवती सिंह और हीरालाल अभिभावक के रूप में मौजूद थे।  इस यात्रा ने क्रांतिकारी बदलाव किए। 
अशोक यादव, पूर्व जिलाधयक्ष सपा।

नेताजी के साथ समाजवादी आंदोलन के एक युग का अंत हो गया है। राजनीति की एक पीढ़ी समाप्त हुई है। इसकी भरपाई नहीं हो सकती है। नेताजी ने जो रास्ता दिखाया है, उस पर चलते हुए गरीबों मजदूरों की लड़ाई लड़ी जाएगी।
राजेंद्र चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री।

नेताजी का जाना बेहद दुखद है। निशब्द हूं। ऐसी विभूति धरती पर कभी कभार आती है।
नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जो थाती सौंपी है। उसे बचाने का निरंतर प्रयास होगा।
नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष सपा

नेताजी मुलायम सिंह यादव के जाने से हम लोगों ने अभिभावक खो दिया है। यह असहनीय पीड़ा है। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। 
मनोज पाण्डेय, सचेतक सपा।

06:13 AM, 11-OCT-2022

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अखिलेश यादव को पत्र लिखा
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा, “वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका हर कोई सम्मान करता था। भगवान आपको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।”

06:08 AM, 11-OCT-2022

कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी
योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सुबह 11 बजे लोक भवन में होगी कैबिनेट बैठक।

12:20 AM, 11-OCT-2022

सैफई में तीन बजे होगा अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेंदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। आज उनके पैतृक गांव सैफई में अंतिम संस्कार होगा। उनका शव अंतिम दर्शन के लिए रामलीला ग्राउंड में रखा जाएगा। 

12:20 AM, 11-OCT-2022

सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम करीब पांच बजे सैफई पहुंच कर श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी आने की चर्चा है। हालांकि अभी तक अधिकृत कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है। 

12:20 AM, 11-OCT-2022

मुलायम सिंह यादव लंबे समय थे बीमार
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को प्रोस्टेट, किडनी, सीने में संक्रमण, कम ऑक्सीजन लेवल, लो ब्लड प्रेशर सहित कई तरह की समस्या थी। दो अक्तूबर को स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया। चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने लगातार उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *